Showing posts with label गज़ल. Show all posts
Showing posts with label गज़ल. Show all posts

Thursday, August 5, 2010

आओगे जब मैं तुमको गले लगा लूंगा


कर यकीं तेरा दामन मैं बचा लूंगा
तेरी करतुतों को दिल में दबा लूंगा

दोस्त हो फिर गैरों सा बर्ताव क्युं
वार तुमसे तो सीने पे भी खा लूंगा

आस थी तुमसे सगे भाई से अधिक
इस चाह को अब सीने में छुपा लूंगा

कौन दोषी है ज़रा यार पता करना
मैं तो नहीं, अंतर्मन से बतिया लूंगा

चलन भरोसे का कहीं उठ न जाये अब
आओगे जब मैं तुमको गले लगा लूंगा

Monday, April 26, 2010

लाल, लाल और हर जगह लाल होगा


अगर हालात नहीं बदलने वाला है

ये हंगामा भी कहां थमने वाला है

चीख कर घोषणा ये संसद में हुई

जंगलों का महल अब उजड़ने वाला है

सोचो अमंबानियों के हित मे जम कर

आक्रोश अभी और ये धधकने वाला है

कभी तूने कभी उसने है किया लाल

आवाम की कौन यहां सुनने वाला है

वो स्तन काटे, वो रेप करे, हम चुप रहें

तब कहेंगे ये हिंदुस्तान संवरने वाला है

कुपोषण, भूख, प्यास तुम क्या जानोगे

बैठ के दिल्ली से कहां ये दिखने वाला है

सत्ता के लोभ में जो भी इनके पास थे

कहने लगे जख्म नासूर बनने वाला है

लाल, लाल और हर जगह लाल होगा

तेरा रवैया गर नहीं सुधरने वाला है

Wednesday, January 13, 2010

मेरे हमउम्र हैं वो बच्चे नहीं हैं

रिवाज दुनिया के सारे अच्छे नहीं है
चेहरे भोले होंगे दिल के सच्चे नहीं हैं

जब जी में आये को आ कर तोड़ दे
रिश्तों के घरौंदे मेरे कच्चे नहीं हैं

कुछ बात मुहब्बत के राज़ ही रखना
दोस्त मेरे सभी अच्छे नहीं हैं

मासूमियत गलतियों में कैसे होगी सागर
मेरे हमउम्र हैं वो बच्चे नहीं हैं

Sunday, September 13, 2009

तुमसे मिलने को सागर क्यूँ ऐसी चाहत होती है

जब कहीं किसी चेहरे पर शराफत होती है
बर्षों से सहेजी पास उसके आदमियत होती है

वो बैठती है इस कोने मैं उस कोने में बैठता हूँ
यूँ ही मचलता नहीं मैं सब मूक इजाज़त होती है

अपनी तबियत ही ऐसी है हार मानेगी कहाँ
बारहा दिल टूटता है बारहा मुहब्बत होती है

कलेजा फटता है कैसे ये ज़रा देख लेना
बाबुल के घर से कैसे बेटी रुख्सत होती है

समझाते हैं भोले मन से कितना प्यारा लगता है
घरवालों से कभी-कभी बच्चों को शिकायत होती है

महाजन धमकता है द्वार पर माह के शुरुआत में
क्या बताऊँ यार तब कैसी फजीहत होती है

है समर्पण का भाव कैसा कि अस्तित्व भी मिटा लेते
तुमसे मिलने को सागर क्यूँ ऐसी चाहत होती है

Monday, September 7, 2009

बिना तजुर्बे के सागर कोई निदान नहीं होगा

उसे इस सन्दर्भ अब तक संज्ञान नहीं होगा
थोडा मनचला है पर बेशक बेईमान नहीं होगा

रिश्तों में विश्वास है स्नेह यहाँ पनपते हैं
मेरा घर, घर रहेगा मकान नहीं होगा

अभी उम्र उसकी है माँ-बापु से कहता हूँ
वो हमसे छोटा है, क्या शैतान नहीं होगा

अगर सरकार चाही, तो निसंदेह मेरे भाई
कोई कमजोर नहीं होगा, कोई बलवान नहीं होगा

हाथ जोड़ मालिक कहता है जो भी तुम्हें
उसके दिल में तेरे लिए सम्मान नहीं होगा

हम अबीर भी उडाते हैं और सेवइयां खूब खाते हैं
मेरा गाँव कभी हिन्दुस्तान-पाकिस्तान नहीं होगा

उसे नींद आयेगी कैसे इस गरीब-खाने में
इक चारपाई है जो दीवान नहीं होगा

जवानी के दहलीज पर वो कदम रखा है अभी-अभी
बिना तजुर्बे के सागर कोई निदान नहीं होगा

Friday, September 4, 2009

है वजन नहीं सागर अब तेरे बहर में

हाथ फैलाए फिरता हूँ अब शहर में
तरस खाए कोई मुझपे इक नज़र में

तेरी सल्तनत खुदा हो तुझी को मुबारक
फल-फूल, पत्ती मेरा कुछ भी नहीं तेरे शज़र में

पहचान एक-एक कर दे गए सभी
मिलते रहे हैं जो भी, अब तक सफ़र में

इरादे को अटल रखना था मुमकिन नहीं
ले गया वक़्त बहा के अपनी लहर में

मुंह छिपाए फिरता हूँ मुफलिसी के कारण
बन गया हूँ अजनबी आज अपने ही घर में

गाना तो दूर कोई पढ़े भी न अब तुझे
है वजन नहीं सागर अब तेरे बहर में

Tuesday, September 1, 2009

चले आते हैं लोग बिन बुलाए हुए

वो पल उनके साथ बिताये हुए
हर ख़ुशी हर ग़म आजमाए हुए

मरहम लगाने का रिवाज़ कुछ ऐसा है
चले आते हैं लोग बिन बुलाए हुए

मेरे हो जाते हैं जो भी आते हैं यहाँ
सब हुनर उनके ही हैं सिखाये हुए

सिलवटें बिस्तर की देख सोचता हूँ
आयेंगे वो कभी बिन बताये हुए

ठगा सा लग रहा हूँ आज ऐसे
कुछ बच्चे हों जैसे फुसलाये हुए

सब्र कर ले कुछ तू ही सागर
लगते हैं लोग सब बौराए हुए

Saturday, August 29, 2009

लोग-बाग़ चिल्लाने लगे है

लोग-बाग़ चिल्लाने लगे है
उंगलियाँ उठाने लगे हैं

हक जबसे जताने लगे हैं
नक्सली कहलाने लगे हैं

कुछ मुसहर मेरे गाँव के
हाथ-पाँव फैलाने लगे हैं

मंदिर बना तकते थे दूर से
अब वो भी हवन कराने लगे हैं

बाबुओं की नींद उचट गयी
इंसानियत अब बताने लगे हैं

शोषित थे जो सदियों से सागर
ख्वाब वो अब सजाने लगे हैं

Thursday, August 20, 2009

मैं तेरा पिया नहीं

कह दिया सबसे, ग़म को पिया नहीं
मानते नहीं मैं तेरा पिया नहीं

जिंदगी को तलाशते-तराशते
पता चला अब तक जिया नहीं

तुम रूठो मैं मनाऊं फिर से
बहुत दिनों से मुहब्बत किया नहीं

जाँचूँ-परखूँ है ज़रुरत ही क्या
मैं राम नहीं तो तुम भी सिया नहीं

अब तक का हिसाब बराबर है शायद
उधार में मैंने मुहब्बत किया नहीं

आतीं हैं कि आना है जायेंगी कहाँ
सागर को आज-तक किसी ने दिया नहीं

Wednesday, August 19, 2009

मुहब्बत कौन निभाएगा

बाद मसरूफियत के जो प्यार बच पायेगा
दंगे धमाके से वो भी कुचला जायेगा

गर इसी तरह नफरत के बीज बोए जायेंगे
मैं गुलाल किसे लगाऊंगा तू गले किसे लगायेगा

कुछ सेवैयाँ खरीद लाया हूँ बाजार से
पर उसमें इदी का प्यार कैसे आएगा

उसे फिक्र है बदनाम हो न जाऊँ कहीं मैं
वो मुसलमान है पता नहीं कब पकड़ा जायेगा

सरियत की बातें करता है आस्था की दुहाई देता है
बता सागर ऐसे में मुहब्बत कौन निभाएगा

:- द्वैमासिक पत्रिका "परिंदे" के अगस्त-सितम्बर 09 अंक में प्रकाशित |

Sunday, August 16, 2009

प्रेम का सागर

जो प्रेम दिल में पनपा था
सब भाव-विह्वल मन का था

चंचल-नटखट भोली सि सूरत
बस देख मन पुलकित होता था

वो प्रेम की स्वाति किरण सि थी
मैं प्यासा चातक दीखता था

वो पुष्प की कोमल पंखुडी सी
मैं बूंद ओस सा लिपटा था

हौले से जब कुछ कहती थीं
मैं मंद-मंद मुस्काता था

वो शशि सि शीतल लगती थी
मैं चकोर सा उनको ताकता था

कुछ कहते-कहते थीं सो गयी वो
सिरहाने मैं उनके बैठा था

वात्सल्य था एक प्रेम में उनके
और मैं बालक बन जता था

मैं अकिंचन करता भी क्या
बस प्रेम का सागर रखता था

Tuesday, August 11, 2009

तुझको ग़ज़ल लिखूं

तुझको कमल लिखूं या तुझको ग़ज़ल लिखूं
पाकर तुझे मैं जिंदगी को अब सफल लिखूं


मैं जानता ही कुछ नहीं इसके सिवा सनम
आज तो है तू मेरा तुझको ही कल लिखूं


तू ही मेरी किस्मत है उस खुदा का शुक्रिया
जिंदगी को अब तो मैं सुन्दर सरल लिखूं


शब्दों में तुझको अब मैं बांधूंगा क्या भला
ममता का तुझको मैं अब बस आँचल लिखूं


दूरियों का क्या भला मुहब्बत से वास्ता
पास तुझको ही लिखूं तुझको बगल लिखूं


क्या लिखा है किस्मत में इसकी फिक्र किसे
तेरे नाम जिंदगी का इक-इक पल लिखूं


तारीफ तेरी क्या करूँ मुझको पता नहीं
लिखता हूँ जब भी तुझको मैं तो धवल लिखूं


हिज्र अब लिखूं या प्रेम मैं लिखूं
सागर बता तेरे लिए कैसी ग़ज़ल लिखूं

देखा-सुनी